
बैडमिंटन स्टार साइना नेहवाल और परुपल्ली कश्यप 16 दिसंबर 2018 को शादी करने वाले हैं। पिछले काफी समय से मीडिया में ये खबर वायरल हो रही थी। ऐसे में साइना ने खुद इस बात को कन्फर्म किया है कि वे कश्यप के साथ विवाह बंधन में बंधने जा रही हैं।

32 साल के कश्यप के साथ शादी पर साइना नेहवाल ने कहा कि अब शादी करने का यह सही समय है। आपको बता दें कि दोनों 2005 से पुलेला गोपीचंद की एकेडमी में साथ ट्रेनिंग ले रहे थे। दोनों करीब 10 साल से एक दूसरे को डेट कर रहे हैं।
अब तक पिछले कई मौकों पर दोनों सबके सामने आने से बचते रहे हैं और अपने रिश्ते को दोस्ती का नाम देते रहे हैं। जब नेहवाल कश्यप को डेट कर रही थीं तो दोनों ने ही निर्णय लिया था कि वे पहले अपने कॅरियर पर ध्यान देंगें।
नेहवाल के अनुसार उनकी और कश्यप की दोस्ती काफी गहरी हो चुकी थी। शायद यही कारण है कि दोनों को ही अपने परिवार वालों को कुछ बताना नहीं पड़ा क्योंकि वे लोग दोनों के रिश्ते को स्वत: ही समझ चुके थे। दरअसल नेहवाल के साथ अक्सर टूर पर उनके माता—पिता भी रहते थे। ऐसे में कश्यप के साथ उनकी बढ़ती नजदीकियों को उनके माता—पिता पहले ही भांप गए थे।
जकार्ता में हालिया एशियाई खेलों में कांस्य पदक जीतने वाली नेहवाल वर्तमान में बैडमिंटन रैंकिंग में 11वें स्थान पर हैं।

यह पहला मौका नहीं है जब दो खिलाड़ी विवाह बंधन में बंध रहे हैं। इससे पहले भारतीय टेनिस स्टार सानिया मिर्जा और पाकिस्तानी क्रिकेटर शोएब मलिक, विकेटकीपर दिनेश कार्तिक और स्कैवेश खिलाड़ी दीपिका पल्लीकल, तेज गेंदबाज ईशांत शर्मा और बास्केटबॉल खिलाड़ी प्रतिमा सिंह भी शादी के बंधन में बंध चुके हैं।