
ओडिशा राज्य में देश का सबसे बड़ा हॉकी स्टेडियम बनने जा रहा है, जिसमें आने वाले वर्षों में कई बड़े टूर्नामेंट खेले जाएंगे। दरअसल, ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने गुरूवार को राज्य के राउरकेला में भारत का सबसे बड़ा हॉकी स्टेडियम बनाए जाने की घोषणा की। उन्होंने इस दौरान बताया कि इसमें 20 हजार दर्शक क्षमता होगी। इस स्टेडियम में एफआईएच पुरूष विश्व कप 2023 के मैच खेले जाएंगे। सीएम पटनायक की घोषणा के मुताबिक, करीब 15 एकड़ भूमि में बनने वाला यह स्टेडियम बीजू पटनायक तकनीकी विश्वविद्यालय के परिसर में बनाने की योजना है।
आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा राउरकेला हॉकी स्टेडियम
सीएम नवीन पटनायक ने एक वीडियो संदेश में इसकी घोषणा करते हुए कहा, ‘जैसा कि हम पहले ही बता चुके हैं कि ओडिशा एक बार फिर साल 2023 में हॉकी विश्वकप का मेजबान होगा। इस टूर्नामेंट के मैच भुवनेश्वर, राउरकेला और सुंदरगढ में खेले जाएंगे।’ उन्होंने ने कहा, ‘भारतीय हॉकी को सुंदरगढ के योगदान के सम्मान स्वरूप मैं घोषणा करता हूं कि हम राउरकेला में नया अंतरराष्ट्रीय स्तर का स्टेडियम बनाएंगे, जिसकी दर्शक क्षमता 20,000 होगी। पटनायक ने कहा कि इसमें तमाम आधुनिक सुविधाएं होंगी और मुझे उम्मीद है कि दुनिया में यह हॉकी के सर्वश्रेष्ठ स्टेडियमों में से एक होगा।
आपको जानकारी के लिए बता दें कि हाल ही में राज्य सरकार, अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ, खेल और युवा कार्य मंत्रालय और हॉकी इंडिया के अधिकारियों की एक उच्च स्तरीय टीम ने ओडिशा स्थित राउरकेला का दौरा किया था। इस दौरान यहां अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम तैयार करने के लिए बुनियादी ढांचे का जायजा लिया गया था।
Read More: बीसीसीआई की एजीएम में आईपीएल-2022 के लिए दो नई टीमों को मिली मंजूरी