
भारतीय हॉकी टीम के कप्तान मनप्रीत सिंह ने उनकी लंबे समय से गर्लफ्रेंड मलेशियाई लड़की इली सादिक से शादी कर ली है। दोनों बुधवार को विवाह के बंधन में बंध गए। मनप्रीत सिंह और इली सादिक का आनंद कारज पंजाब के जालंधर में गुरु तेग बहादुर नगर के गुरुद्वारे में हुआ। मनप्रीत के घरवालों ने अपनी बहू का नाम इली से बदलकर नवप्रीत कौर रखा है। टीम इंडिया कप्तान मनप्रीत मलेशिया की रहने वाली इली सादिक को 9 साल से डेट कर रहे थे।
साल 2012 में शुरू हुआ था मुलाकातों का सिलसिला
वर्ष 2012 में मनप्रीत सिंह भारत की जूनियर हॉकी टीम की कप्तानी कर रहे थे। इसी दौरान मलेशिया में ‘सुल्तान ऑफ जौहर कप’ के बीच उनका और इली सादिक का मिलना हुआ था। इसके बाद से मनप्रीत और इली के बीच नजदीकियां बढ़ने लगी थी। इली की मां मलेशिया की सेना के लिए हॉकी खेला करती थी। इस वजह से दोनों में जल्द ही गहरी दोस्ती हो गई थी।
आपको बता दें कि टीम इंडिया के कप्तान मनप्रीत सिंह पंजाब के जालंधर के एक गांव मिट्ठापुर के रहने वाले हैं। पहले वे टोक्यो ओलंपिक के बाद शादी करने वाले थे लेकिन मार्च में कोरोना महामारी फैलने के कारण ऐसा नहीं हो पाया। इसके बाद उनकी शादी दो दिसंबर को होने की खबरें आई थीं। कोरोना के चलते मनप्रीत और इली के विवाह समारोह को सीमित रखा गया है। सादे विवाह समारोह में नजदीकी लोग ही शामिल हुए।
करीब चार साल से सीनियर टीम के कप्तान हैं मनप्रीत
आपको जानकारी के लिए बता दें कि वर्ष 1992 में जन्मे मनप्रीत सिंह मई 2017 से भारतीय हॉकी टीम की कमान संभाल रहे हैं। वह हाफबैक के तौर पर खेलते हैं। भारत के लिए मनप्रीत सबसे पहले वर्ष 2011 में महज 19 साल की उम्र में खेले थे। वह वर्ष 2012 और 2016 में भारतीय ओलंपिक टीम का भी हिस्सा रहे हैं।
ICC ने महिला विश्वकप-2022 के कार्यक्रम की घोषणा की, टीम इंडिया का ये रहेगा शेड्यूल